कंपिल, समृद्धि न्यूज। शादी समारोह से वापस लौट रहे पिता पुत्री की बाइक में स्टंट कर रहे युवकों ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन इलाज के लिए दोनों को निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बिल्हा निवासी ४५ वर्षीय बबलू चौहान रविवार दोपहर बेटी कुसुम के साथ वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने थाना राजेपुर के गांव जैनापुर स्थित ससुराल गए थे। सोमवार सुबह बाइक से बेटी के साथ घर वापस लौट रहे थे। घर वापस लौटते समय पिता पुत्री थाना शमशाबाद स्थित ढाईघाट में गंगा नहाने के लिए चले गए। गंगा नहाने के बाद वह पुल पर खड़े होकर बाइक में झोला बांध रहे थे। उसी समय पीछे से स्टंट करते आए तेज रफ्तार दो बाईकों पर सवार चार युवकों ने सडक़ किनारे खड़े पिता पुत्री को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने मामले की सूचना स्वजनों व पुलिस को दी। स्वजन इलाज के लिए दोनों घायलों को फर्रुखाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर बबलू को स्वजन बरेली ले गए। मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान बबलू की मौत हो गई। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे। जबकि पुत्री कुसुम का इलाज जारी है। मृतक के दो पुत्र सचिन, युवराज एक पुत्री कुसुम है। मृतक की पत्नी प्रेमलता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्वजन बरेली के लिए रवाना हो गए। मृतक अपने परिवार के साथ हरियाणा के सोनीपथ में रहता था। दो दिन पूर्व परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था।
बाइक से स्टंट कर रहे युवकों ने पिता-पुत्री को मारी टक्कर, पिता की मौत
