आग से कई घरों की जली गृहस्थी, महिला झुलसी

ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पाया काबू
एसडीएम, नायब तहसीलदार व सीओ मौके पर पहुंचे
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। घर में खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग से गृहस्थी, एक भैंस तथा एक बाइक जल गयी। इसके अलावा अन्य आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत व फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार रविवार को थाना क्षेत्र के ग्राम ताजपुर में मुन्नी देवी पत्नी मुन्नालाल दोपहर को चूल्हे पर खाना बना रही थी, तभी अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर जा गिरी। जिससे छप्पर धू-धूकर जलने लगा। मुन्नी देवी आग बुझाने के प्रयास में झुलस गयी। गृहस्थी के अलावा एक भैंस व बाइक आग में जल गयी। इसके अलावा आग ने छेदालाल व धीर सिंह के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से परचून का खोखा भी जल गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस एवं क्षेत्राधिकार, उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अतुल कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत और फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ग्रामीणों का काफी सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। एसडीएम ने बताया कि नुकसान की भरपाई का आंकलन लेखपाल द्वारा किया जाएगा। झुलसी मुन्नी देवी को सीएचसी में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *