कायमगंज, समृद्धि न्यूज। खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से युवक (चौकीदार) की दर्दनाक मौत हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमलैया मुकैरी निवासी घ्रुव कठेरिया उम्र 25 वर्षीय पुत्र जवाहरलाल ने कैलाश के खेत को बटाई पर लिया है। बुधवार को वह खेत की जुताई करवा रहा था। जुताई करते समय वह अचानक किसी तरह ट्रैक्टर के पहिए के पीछे लगे रोटावेटर पर जा गिरा और उसमें फंसने से घायल हो गया। खेतों में काम कर रहे हैं अन्य किसान घटनास्थल की ओर दौड़े और किसी तरह ध्रुव को रोटावेटर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसी बीच चालक ट्रैक्टर छोडक़र भाग निकला। मौत की सूचना पाते ही मृतक की पत्नी पूजा, दो मासूम बच्चे दिव्या व काव्या उम्र 2 वर्ष के अलावा चार बहनें राज कुमारी, पूनम, धनदेवी, पुष्पा सहित मृतक की मॉ रेशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पाते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम अवतार नेे प्रमोद सिंह उप निरीक्षक, नितिन यादव, कस्बा चौकी इंचार्ज विद्यासागर तिवारी, कांस्टेबिल पुष्पेंद्र, कांस्टेबिल विनीत कुमार, कांस्टेबिल अंकित गंगवार, कांस्टेबिल सिंधु सिंह सहित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।