संविधान से छेड़छाड़ करने वालों को जनता इस बार बदल देगी-अखिलेश यादव

नवल किशोर शाक्य के मैदान में आते ही अन्य दलों के प्रत्याशियों की उड़ी नींद- डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव
अखिलेश बोले मुख्यमंत्री आज तक नहीं बता पाये बिजली कंपनी का नाम
सरकार में आये तो आटा और डाटा फ्री, एक नहीं दो एक्सप्रेस-वे से जोड़ेंगे फर्रुखाबाद को
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रशासन की रोक के बावजूद अपार भीड़ देखकर गदगद दिखायी दिये। बोले भाजपा की करनी और कथनी में फर्क है। गरीब जनता का जब वोट लेना था तो अनाज के साथ रिफायंड, चना दिया। अब सिर्फ एक किलो दिया जा रहा है, यह भोली भाली जनता के साथ छलावा नहीं है तो क्या है। हम सरकार में आये तो राशन की मात्रा अधिक करने के साथ गुणवत्ता युक्त पैकेट का आटा और डाटा दोनों फ्री देने का काम करेंगे यह बात उन्होंने फर्रुखाबाद क्रिश्चियन इंटर कालेज के मैदान में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन प्रत्याशी डा0 नवल किशोर शाक्य के समर्थन में संविधान बचाओ रैली को सम्बोधित करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद की जनता ने पूरा मन बना लिया है कि परिवर्तन इस बार करके रहेगें। अखिलेश यादव बोले कि जिस जिले की जनता ने 4 विधायक, 2 एमएलसी व 1 सांसद दिया हो उस जिले को सरकार ने क्या दिया। यहां की जनता को बड़ी उम्मीद थी कि गंगा एक्सप्रेस-वे यहां से होकर जायेगा तो किसानों के साथ-साथ व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। सांसद विधायक सोते रहे और खन्ना एक्सप्रेस-वे खींच ले गये। जब किसी व्यक्ति को दिखने लगे कि वह हार रहा है तो खिसियाने लगता है। जनसभाओं में भीड़ देखकर भाजपा घबरा गयी है। अब सरकारी मशीनरी का सहारा ले रहे है। भाजपा बताये कि अभी तक कितने हजार युवाओं को रोजगार दिया है, जो भी नौकरियां निकली, परीक्षा के समय सभी का पर्चा आउट हो गया। ऐसा पहले कभी आपने देखा, इसमें नुकसान किसका हुआ युवाओं का। सरकार ने ठेकेदारी प्रथा शुरु कर दी है। अब वह संविधान को बदलना चाहते है, लेकिन समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन किसी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगें। उन्होंने कहा कि जैसा जोश आज दिखायी दे रहा है वैसा ही जोश १३ मई को रखना। एक-एक वोट समाजवादी पार्टी के पक्ष में डालकर डा0 नवल किशोर शाक्य को रिकार्ड मतों से जिता देना। उन्होंने कहा कि भाजपा एक एक्सप्रेस नहीं दे पायी। हम फर्रुखाबाद को दो एक्सप्रेस-वे से जोडऩे के साथ-साथ सिक्स लाइन करने का काम करेगें। जो संविधान बदलने की साजिश रच रहे है उन्हें फर्रुखाबाद की जनता बदल देगी। एक गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की सभा में पहुंचकर बिजली की मांग कर दी और वह नाराज हो गये और उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। इस तरीके से जनता को भयभीत किया जा रहा है। वह बोले कई बार मुख्यमंत्री से पूछा कि जो हमने एटा में बिजली थर्मल पॉवर प्लांट लगाया उसका पूरा नाम क्या है वह आज पूरा नहीं बता पाये। उन्होंने नवल किशोर शाक्य के साथ-साथ अपने लिए भी वोट मांगते हुए कहा कि कन्नौज आपके पास से ही गया है हमें भी बड़े अंतराल से जिता देना। इस अवसर पर प्रत्याशी डा0 नवल किशोर शाक्य, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डा0 जितेन्द्र सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष, प्रत्याशी नबल किशोर शाक्य की पत्नी प्रियंका शाक्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से पहले कद्दावर नेता डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने भी जनता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि 13 मई को आप लोग सबसे पहले अपना एक-एक वोट साइकिल वाले चुनाव चिन्ह के सामने वाला बटन दबाकर देने का काम करें और उसके बाद फिर और कोई काम। भाई डा0 नवल किशोर शाक्य को भारी मतों से जिताकर यहां से भेजे। उन्होंने कहा कि कोई भी मर्ज हो तो चिकित्सक से अच्छा इलाज कोई नहीं कर सकता और इसलिए समाजवादी पार्टी ने नवल किशोर शाक्य को मैदान में उतारा है। दूसरे प्रत्याशियों की तब से नींद हराम हो गयी है। जैसे ही उन्होंने माइक संभाला तो समर्थक अखिलेश यादव, डा0 जितेन्द्र सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। बताते चले कि समाज और जनता के बीच डा0 जितेन्द्र सिंह यादव की एक अलग ही छवि है। वह जिस कार्यक्रम में जाते युवा व समर्थक उनके साथ एक सेल्फी लेने के लिए ललाइत दिखायी देते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *