आलू के खेत में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव

एक रात पहले पत्नी से हुआ था विवाद
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। आलू के खेत में चांदनी के पेड़ पर 48 वर्षीय अशोक कुमार कश्यप का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक घरेलू विवाद ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया और कई अनसुलझे सवाल पीछे छोड़ दिए।
कंपिल थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर राजकुमार निवासी अशोक कुमार कश्यप (48) का गुरुवार रात करीब 11 बजे पत्नी कमला देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकल गए। उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी आखिरी रात होगी। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, रिश्तेदारों को फोन खंगाले और आसपास के गांवों में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार शाम जौरा गांव में प्रवीन के आलू के खेत में ग्रामीणों ने चांदनी के पेड़ से शव लटका देखा तो हडक़ंप मच गया।

अंतरराष्ट्रीय

देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान अशोक कुमार कश्यप के रूप में होते ही परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पत्नी कमला देवी, दो बेटे और बेटियां रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जबकि बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। देखते ही देखते पूरा खेत मातम में बदल गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला और मंडी चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कंपिल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतक के भाई अखिलेश का कहना है कि पत्नी से विवाद के बाद से अशोक काफी परेशान चल रहे थे। वहीं, ग्रामीणों के बीच यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि एक रात में यह घटना हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *