वसूली की गई 25689511 रुपये की धनराशि
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार की अध्यक्षता में जिला न्यायालय से तहसील न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। जिसका शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली एवं अन्य न्यायिक अधिकारी, बार के महासचिव कुंअर सिंह यादव एवं अधिवक्तागण, वादकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद एवं अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर सम्बन्धित पक्षकारों के समक्ष उनकी सहमति के आधार पर सुलह-सन्धि कराते हुए मामलों का निस्तारण किया गया। 118 बैंक वसूली से सम्बन्धित मामलों को निस्तारित कर 15222487 रुपये बैंकों द्वारा प्राप्त की गयी। 31953 विद्युत बिल सम्बन्धी मामलों का निस्तारण किया गया।
प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली एवं अपर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय अन्जू कम्बोज द्वारा कुल 50 पारिवारिक/वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया। इसमें से सुलह समझौते के आधार पर 12 जोडे पति-पत्नी को एक साथ रहने के लिए विदा किया गया। पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम सन्तोष कुमार तिवारी द्वारा 24 वादों का निस्तारण किया तथा रुपया 2025000 धनराशि प्राप्त करायी गयी। जिला उपभोक्ता अध्यक्ष नरेश कुमार द्वारा अपने न्यायालय से 09 मामले निस्तारित किये गये।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न न्यायालयों/विभागों/कार्यालयों द्वारा अलग-अलग मामले चिन्हित कर निस्तारित किये गये। कुल चिन्हित लम्बित 3669 मामलों में से 3171 तथा प्री-लिटिगेशन के 97479 मामलों में से 96849 मामले निस्तारित किये गये हैं। कुल 1०0970 मामलों में से 100042 मामलों का निस्तारण कर कुल 25689511 रुपया धनराशि जमा करायी गयी। सभी विभागों एवं अधिकारियों के सहयोग से लक्ष्य से अधिक मुकदमों का निस्तारण किया गया है। इस मौके पर अपर जिला जज प्रथम शैली राय, अभिनितम उपाध्याय, शैलेन्द्र सचान, तरूण कुमार सिंह, अंकित मित्तल, दीपेन्द्र कुमार सिंह, मेराज अहमद, सत्येन्द्र सिंह वर्मा, अन्जू कम्बोज, घनश्याम शुक्ला, प्रीतीमाला चतुर्वेदी, ज्ञानेन्द्र कुमार, पीयूष भारती, जयवीर सिंह, युगल शम्भू, ओम चौरसिया, सुबुक मुस्कान, प्रशान्त कौशिक, हिमांशु नौटियाल, गुलफशा, दीपिका रानी, ज्योति सागर, राम सिंह मौर्या, मो0 आरिफ खान व विभिन्न न्यायालयों, बैंकों व विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, परा विधिक स्वयंसेवकगण एवं वादकारीगण उपस्थित रहे। लोक अदालत सफल होने पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार व अपर जिला जज संजय कुमार ने आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में 100042 मामलों का हुआ निस्तारण
