गुजरात के वडोदरा में बड़ा हादसा: पुल गिरने से 12 मौतें

समृद्धि न्यूज। गुजरात के वडोदरा जिले के पादरा तालुका में आणंद और पादरा को जोडऩे वाले एक पुल का हिस्सा ढह गया। पुल के टूटते ही कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 12  लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों को बचा लिया गया है। इस घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने हादसे के शिकार हुए लोगों के लिए मुआवजे का भी एलान किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि वडोदरा में महिसागर नदी पर बना गंभीरा ब्रिज बीच से टूट गया। हादसे में कई गाड़ी नदी में गिर गए, जिसके चलते कुछ लोगों की मौत हो गई व कई लोग घायल हुए हैं। कांग्रेस परिवार पीडि़त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना है कि वे घायलों को शीध्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, ये हादसा गुजरात मॉडल के नाम पर हुए जमकर भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है।

अमित चावड़ा ने कहा: सरकार ने मरम्मत पर नहीं दिया ध्यान

हादसे को लेकर गुजरात कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा ने कहा कि गुजरात के आणंद और वडोदरा जिलों को जोडऩे वाला मेन पुल, गंभीरा पुल आज सुबह ढह गया। पूरे सौराष्ट्र का यातायात यहां से होकर गुजरता है। हमने सरकार से बार-बार मांग की थी और लोगों ने उन्हें पत्र भी लिखे थे कि पुल की हालत ठीक नहीं है और इसकी मरम्मत कराई जानी चाहिए, लेकिन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, इसी वजह से यह बड़ा हादसा हो गया।

एक स्थानीय निवासी ने कहा ये पुल न केवल ट्रैफिक दुर्घटनाओं के हिसाब से खतरनाक है, बल्कि यहां आत्महत्या की कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसकी स्थिति के बारे में बार बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *