
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में तथा जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में जिला न्यायालय से तहसील न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। शुभारम्भ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने न्यायिक अधिकारीगण व प्रशासनिक अधिकारीगणों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया। कुल २७३०३८ मामलों में से २६१९०४ मामलों का निस्तारण कर कुल १०४०९७५९५ रुपयों की धनराशि जमा करायी गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद एवं अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर संबंधित पक्षकारों के समक्ष उनकी सहमति के आधार पर सुलह-सन्धि कराते हुए मामलों का निस्तारण किया गया। ५२५ बैंक वसूली से संबंधित मामलों को निस्तारित कर ६६२५६०४२ रुपये की वसूली धनराशि बैंकों द्वारा प्राप्त की गई। ४६४६७ विद्युत बिल संबंधी मामलों का निस्तारण किया गया। अपर प्रधान न्यायाधीश शैली राय द्वारा कुल ८८ पारिवारिक/वैवाहिक वादों का निस्तारण किया। प्रभारी पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम विष्णु चन्द्र वैश्य ने २७ वादों का निस्तारण कर ८२८०००० धनराशि प्राप्त करायीञ नरेश कुमार अध्यक्ष जिला उपभोक्ता द्वारा अपने न्यायालय से ४६ मामलों का निस्तारण कर २८९१२५ रुपयों की धनराशि एवार्ड की। राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न न्यायालयों/विभागों/कार्यालयों द्वारा अलग-अलग मामले चिन्हित कर निस्तारित किये गये। कुल लम्बित ५१४७ मामलों में से ४४४४ तथा प्री-लिटिगेशन के २६७८९१ मामलों में से २५७४६० मामले निस्तारित किये गये है। इस प्रकार कुल २७३०३८ मामलों में से २६१९०४ मामलों का निस्तारण कर कुल १०४०९७५९५ रुपयों की धनराशि जमा करायी गई। सभी विभागों एवं अधिकारियों के सहयोग से लक्ष्य से अधिक मुकदमों का निस्तारण किया गया है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी विष्णु चन्द्र वैश्य, महेन्द्र सिंह, श्रीकृष्ण कुमार, राकेश कुमार सिंह, सुमित प्रेमी, शैली रॉय, संदीप तिवारी, प्रवीन कुमार त्यागी, शिवम कुमार, धनश्याम शुक्ला, ज्ञानेन्द्र कुमार, शाम्भवी, साक्षी मिश्रा, अभिषेक चौहान, विजय रतन गौतम, यशार्थ विक्रम, माला कुमारी के अलावा राम सिंह मौर्या लिपिक, मो0 आरिफ कोर्ट मैनेजर, मो0 हफीज अमद सैफी व विभिन्न न्यायालयों, बैंकों व विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण, परा विधिक स्वयंसेवकगण एवं वादकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायाधीश तृतीय विनय कुमार व अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक प्राधिकरण नरेन्द्र प्रकाश ने सभी का आभार व्यक्त किया।
