पान मसाला की गाड़ियां छोड़ने पर 4 राज्य कर अधिकारी सस्पेंड

राज्य कर आयुक्त ने कानपुर जोन दो के अंकुर द्विवेदी, सचल दल के संदीप कुमार, जगत प्रकाश, जगदीश प्रसाद को निलंबित किया है। आगरा और इटावा किया गया संबद्ध इनमें से दो को आगरा और दो को इटावा कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इन अधिकारियों पर आरोप है कि इन्होंने ई-वे बिल को स्कैन और जांच किए बिना ही माल को ले जाने दिया।

कानपुर। एक माह से ज्यादा समय से हर पान मसाला फैक्ट्री के गेट पर राज्य कर विभाग की निगरानी होने के बाद भी बिना ई-वे बिल के पान मसाला लदे चार ट्रक लखनऊ जोन में पकड़े जाने पर चार राज्य कर अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इन चारों की निगरानी के दौरान ट्रक पान मसाला फैक्ट्री से निकले थे और इन्होंने न तो ई-वे बिल चेक किया न ही उसे स्कैन किया। इसके साथ ही तीन सहायक आयुक्तों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संस्तुति की गई है। राज्य कर विभाग ने 24 नवंबर से पान मसाला फैक्ट्रियों के बाहर सहायक आयुक्तों और राज्य कर अधिकारियों की टीमें बनाकर रोटेशन से ड्यूटी लगाई थी। इसमें साफ निर्देश था कि एक-एक ट्रक को चेक किया जाए। इसमें चेतावनी दी गई थी कि क्रॉस चेकिंग के दौरान यदि कोई ट्रक बिना ई-वे बिल के पकड़ा गया तो वहां तैनात संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी यहां से पान मसाला के चार ट्रक बिना ई-वे बिल के निकल गए और फैक्ट्री के गेट पर तैनात सहायक आयुक्त और राज्य कर अधिकारियों ने उनके ई-वे बिल चेक नहीं किए। इन सभी ट्रकों को 24 दिसंबर को लखनऊ जोन में जांच के लिए रोका गया तो उसमें पान मसाला लदा मिला लेकिन ई-वे बिल नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *