नई दिल्ली: 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से पहले देश की राजधानी दिल्ली स्थित लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिसके बाद लाल किले की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल समेत 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के तहत दिल्ली पुलिस रोजाना अभ्यास करती है।
दिल्ली के लाल किले की सुरक्षा में तैनात एक हेड कांस्टेबल समेत 7 पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि लाल किले में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम को लेकर हर रोज पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मॉक ड्रिल करती है। शनिवार को भी एक ड्रिल की गई। इसमें दिल्ली पुलिस स्पेशल स्टाफ की एक टीम सिविल ड्रेस में डमी बम के साथ लाल किला परिसर में दाखिल हुई, लेकिन लाल किले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी बम का पता नहीं लगा सके जिसके बाद सुरक्षा में तैनात सभी 7 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, यह माक ड्रिल 15 अगस्त से पहले सुरक्षा इंतजामों को जांचने के लिए किया गया था, लेकिन टीम का इतनी आसानी से किले के अंदर पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। यह मामला इसलिए भी चिंताजनक हो जाती है प्रधानमंत्री हर साल लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हैं और इस समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि और नागरिक मौजूद रहते हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हडक़ंप
वहीं यह मामला सामने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हडक़ंप मच गया है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और नए सिरे से प्लानिंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सुरक्षा घेराबंदी को सख्त, कर्मचारियों की तैनाती दोबारा सुनिश्चित करने और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग का आदेश दिया गया।
लाल किला में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे 5 बांग्लादेशी
वहीं लाल किले की सुरक्षा से जुड़ी एक और खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर में जबरन घुसने के आरोप में 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनकी उम्र करीब 20-25 साल बताई जा रही है। ये सभी अवैध बांग्लादेशी हैं जो दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मजदूरी करते हैं।
