
लाखों के नकली नोट व नोट बनाने के उपकरण तथा एक कार बरामद
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नकली नोट छापने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही से नकली भारतीय मुद्रा कुल 1,27 हजार रुपये व 3100 रु0 नगद व अन्य नकली मुद्रा बनाने की सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने पांचों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान बताया कि कादरीगेट थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला, एसओजी प्रभारी अमित गंगवार, सर्विलांस टीम प्रभारी जगदीश भाटी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नगली भारतीय मुद्रा तैयार कर बाजार में चलाने वाले आरोपी सौरभ सुमंत पुत्र गयाप्रसाद निवासी लाल गेट बस अड्डे के सामने, सौरभ यादव पुत्र रनवीर सिंह निवासी हैवतपुर गढिय़ा थाना मऊदरवाजा को टीला मसेनी तिरारा के पास से एक कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अन्य साथी सूरज उर्फ सूर्या उर्फ प्रदीप यादव पुत्र भगवान सिंह निवासी हैवतपुर गढिय़ा थाना मऊदरवाजा, मुकेश शाक्य पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी खानपुर कादरी गेट, सुनील पुत्र महेश निवासी चाचूपुर राजेपुर को मोहल्ला अंडियाना थाना कादरीगेट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नकली भारतीय मुद्रा 1 लाख 27 हजार रूपये, असली मुद्रा 3100 रूपये, 11 पेज छपे नोट एक, एक डेस्क प्रिंटर, 1 झोला कागज की कतरन, 3 कांच के चौकोर टुकड़े, 1 बिजली की प्रेस, 1 एलईडी बल्ब, 3 पेपर कटिंग चाकू, 5 ब्रुश, 1 पैकेट काली पालीथीन, 4 गांधी का चित्र छपी मोहरें जिस पर 100, 200, 500 लिखा आदि सामग्री बरामद हुई। आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद हुई तथा दो नम्बर प्लेट भी बमराद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि हम लोग जाली नोटों का कारोबार मिलकर बराबर हिस्सेदारी में करते है, जाली नोट छापनें के बाद वह लोग असली भारतीय मुद्रा का 30-40 प्रतिशत की दर से बिक्री कर देते है और अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
