नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बे के तिराहा निवासी जगमोहन शर्मा के घर बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब उनके अपने ही पोता सत्यम ने 55 वर्षीया लक्ष्मी शर्मा की हंसिये से काटकर बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी नाती चारपाई पर बैठा रहा, जिसे मौके पर पहुंचे होमगार्ड ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया।
कस्बे के तिराहा निवासी जगमोहन शर्मा और उनके भाई रामरतन शर्मा एक ही मकान में रहते हैं। जगमोहन शर्मा की कोई संतान न होने के कारण उन्होंने अपने साले की पुत्री शिल्पी को गोद लिया था। बुधवार को जगमोहन अपनी गोद ली हुई बेटी को दवा दिलाने जनपद इटावा के थाना जसवंतनगर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी लक्ष्मी शर्मा अकेली थीं। इसी दौरान उनके परिवार के ही पोता ने धारदार हंसिये से हमला कर लक्ष्मी शर्मा की हत्या कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलते ही बवना तिराहे पर तैनात होमगार्ड तारा सिंह मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। अंदर आरोपी चारपाई पर बैठा हुआ था, जिसे होमगार्ड ने तुरंत पकड़ लिया और फोन के जरिए घटना की सूचना थाने को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। घटनास्थल के कमरे की दीवारों पर खून के छींटे और जमीन पर महिला का लहूलुहान शव पड़ा मिला। दीवारों और जमीन पर फैले खून के निशानों से आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या घर की गैलरी में की गई और बाद में शव को घसीटकर कमरे के अंदर डाला गया। आरोपी की बहन ने बताया कि जब वह बाजार से लौटी तो काफी देर बाद दरवाजा खुला, जिसके तुरंत बाद आरोपी ने उसे बांधकर कमरे में बंद कर दिया था। घटना की सूचना पर थाना मऊदरवाजा के गांव नगला कलार से पहुंचे मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने जमीनी विवाद को लेकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने घटना के संदर्भ में जगमोहन से जानकारी ली। उन्होंने बताया शिल्पी को गोद लिए जाने से हमलावर उनसे रंजिश मानता है। उसका कहना है यदि वह शिल्पी को गोद न लेती तो उनका मकान व जमीन उसे मिल जाती। मिथलेश कुमारी ने बताया कि हमलावर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कुछ दिन पूर्व उसने शिल्पी का मोबाइल भी चोरी कर बेच दिया था। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि संपत्ति के चलते हत्या की गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हंसिये से काटकर महिला की निर्मम हत्या, पोता गिरफ्तार
