सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य सभी व्यवस्थायें दुरुस्त करने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर मंडल हरिश्चंद्र व अपर आयुक्त कानपुर मंडल रेनू द्वारा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ मेला रामनगरिया की तैयारियों व गंगा आरती स्थल का निरीक्षण किया गया व मेले में तैनात अधिकारियों के साथ संवाद किया गया।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार नम्र रखें, मेले में अग्निशमन की व्यवस्था उच्च कोटि की हो, सभी बड़े पंडालों में फायर स्ट्रिंगर लगायें, सेक्टर के हिसाब से फायरकर्मी तैनात करें, ट्रैफिक व फायरकर्मी अधिकाधिक दोपहिया वाहन इस्तेमाल करें, गंगा तट पर बेरिकेडिंग अच्छी व मजबूत हो, किसी को भी बैरिकेटिंग क्रॉस न करने दें, पार्किंग की व्यवस्था अच्छी हो, हर पार्किंग का प्रभारी नामित करें, आपस मे सभी पार्किंग प्रभारी समन्वय रखें, क्रेन व हाइड्रा की तैनाती का स्थल तय किया जाये, मेला क्षेत्र की गाडिय़ों को पास जारी किये जायें, पुलिस की सोशल मीडिया टीम मेला क्षेत्र में तैनात रहें, सभी पार्किंग में वाहन के प्रकार सहित साइनऐज लगाये। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी अपने ड्यूटी पॉइंट चेक आज ही कर लें व समय से पहले ड्यूटी पॉइंट पर पहुँचें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट व संबंधित मौजूद रहे।
डीआईजी कानपुर ने व्यवस्थाओं के संबंध में की समीक्षा
पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरिश्चंद्र, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत लगने वाले मेला श्री रामनगरिया 2025-26 में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। संत महात्माओं से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान मेला व्यवस्था से जुड़े समस्त अधिकारीगण मौजूद रहे। संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा हेतु पेयजलए प्रकाश व्यवस्था, अलाव व कम्बल, ट्रैफिक डायवर्जन और संकेतक बोर्ड आदि व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने एवं यातायात की सुदृढ़ व्यवस्था हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
