समृद्धि न्यूज। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला किया है। भारत और बांग्लादेश के बीच मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद तनाव बढ़ गया है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने का मामला अब और ज्यादा आगे बढ़ता जा रहा है। पहले बांग्लादेश की टीम ने टी20 वल्र्ड कप के लिए भारत आने से मना कर दिया और अब बांग्लादेश की सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर बैन लगा दिया है। आईपीएल दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट्स में से एक है और इसका प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग 120 से ज्यादा देशों में होता है। भारत और बांग्लादेश के बीच विवाद उस वक्त से गरमा गया है जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स केकेआर से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने कहा था। पूरे विवाद की शुरुआत मुस्तफिजुर को आईपीएल से बाहर करने से शुरू हुई। केकेआर ने पिछले महीने मिनी नीलामी में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने इस बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से बाहर कर दिया। मुस्तफिजुर को लेने पर भारत में विरोध हो रहा था और कई राजनेताओं तथा कथावाचक ने इसे लेकर केकेआर के मालिका शाहरुख खान को घेरा था। मुस्तफिजुर को बाहर करने के बाद बांग्लादेश बौखला गया है। बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के खेल मंत्री आसिफ नजरुल ने कहा था कि उन्होंने बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्री से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण निलंबित किया जाए। इसके एक दिन बाद ही बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आईपीएल का प्रसराण निलंबित करने का फैसला लिया। बांग्लादेश ने तो आईपीएल के प्रसारण पर अस्थायी बैन लगाया है, लेकिन उससे पहले पाकिस्तान में भी आईपीएल का प्रसारण नहीं होता है, पाकिस्तान में आईपीएल बैन है।
