झोलाछाप के इंजेक्शन से किशोर की हुई मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रख लगाया जाम

एसडीएम तहसीलदार के समझाने बुझाने के बाद चार घंटे बाद समाप्त किया जाम

हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के खुटहा ग्राम पंचायत के पंडितपुर गांव निवासी हीरालाल धरकार का 15 वर्षीय पुत्र राजन कुमार रविवार को घर पर जलाने के लिए सूखी लकड़ियां काट रहा था।उसी दौरान लकड़ी का एक टुकड़ा छिटककर माथे पर लग गया। जिससे किशोर लहूलुहान हो गया। किशोर उपचार हेतु रतेह चौराहा स्थित दिव्यांशी मेडिकल स्टोर पर गया जहां झोलाछाप द्वारा उपचार किया गया।सोमवार दोपहर को ड्रेसिंग और इंजेक्शन लगवाने के लिए राजन कुमार साइकिल से रतेह चौराहा पर झोलाछाप मोहित सिंह के पास गया। जहां झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद किशोर की हालत हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद किशोर को उल्टी होने लगी और उसकी मौत हो गई।किशोर की मौत के बाद झोलाछाप अपनी कार से उसके घर पहुंचाने गया।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शाम चार बजे झोलाछाप के मेडिकल स्टोर के सामने ड्रमंडगंज हलिया मार्ग पर किशोर के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क जाम कर रहे परिजन और ग्रामीण झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना पाकर मौके पर पुलिसबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष भारत सुमन ने काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन एसडीएम और सीएमओ को बुलाने की मांग पर अड़ गए। दो घंटे बाद मौके पर पहुंची तहसीलदार लालगंज दीक्षा पांडेय ने भी परिजनों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए।शाम साढ़े सात बजे के करीब पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम लालगंज महेंद्र सिंह ने मृतक किशोर की मां प्रमिला देवी और परिजनों को समझाते हुए झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया और शासन से हर संभव मदद दिलाने की बात कही।तब जाकर परिजनों ने सड़क जाम समाप्त किया। मौके पर पहुंचे पीएचसी हलिया के डॉक्टर आलोक व स्वास्थ्य विभाग की टीम को एसडीएम ने झोलाछापों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नही करने पर जमकर फटकार लगाई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था मृतक की एक दसवर्षीया बहन है। पिता हीरालाल मुम्बई में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि झोलाछाप मोहित सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *