फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कृष्णा देवी बालिका महाविद्यालय आवास विकास लोहियापुरम में विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व हिंदी दिवस जिसकी थीम थी हिंदी पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक इस विषय पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 रूबी यादव ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान है और हमें अपनी भाषा पर गर्व है। यह दिवस प्रतिवर्ष 10 जनवरी को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 10 जनवरी 1975 को नागपुर में आयोजित पहले विश्व हिंदी सम्मेलन की याद में हुई थी। भारत सरकार ने 2006 में इसे आधिकारिक मान्यता प्रदान की थी। प्रशासनिक अधिकारी डॉ0 हरी मदन सिंह ने कहा कि भले ही अंग्रेजी भाषा का चलन बढ़ रहा है और अच्छी नौकरियां अंग्रेजी ज्ञान से मिल रही हैं, लेकिन हमारे देश की व्यावहारिक भाषा हिंदी है। उन्होंने जोर दिया कि हम अंग्रेजी से नहीं, बल्कि हिंदी से जाने जाते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं कुमारी अंशिका, कुमारी आयुषी, ज्योति, कुमारी अंशिका तिवारी ने हिंदी भाषा की गरिमा बनाए रखने के लिए इसके अधिक से अधिक प्रचार की आवश्यकता पर बल दिया। हिंदी अध्यापक का डॉ0 रेजिना शहर ने सभी को धन्यवाद दिया।
केडी बालिका डिग्री कालेज में विश्व हिंदी दिवस पर पारंपरिक ज्ञान पर हुई चर्चा
