निरीक्षण के दौरान दवा खरीद बिल, बिक्री कैशमीमो, फर्म का नक्शा, लाइसेंस आदि की होगी जांच-डॉ0 परमेश कुमार द्विवेदी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के सभी थोक औषधि विक्रेताओं की जांच की जायेगी। उनके प्रतिष्ठानों का सत्यापन किया जायेगा कि वह मौजूदा समय में अस्तित्व में हैं या नहीं ? इसके अलावा थोक प्रतिष्ठान निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। इसका भी मुख्य रुप से सत्यापन किया जायेगा।
जिला औषधि निरीक्षक डॉ0 परमेश कुमार द्विवेदी इस आशय की जानकारी देते हुए समृद्धि न्यूज को बताया कि प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ0 रोशन जैकब के निर्देश पर जनपद में थोक दवा दुकानों का शीघ्री ही निरीक्षण कर सत्यापित की जायेंगी। ड़्रग इंस्पेक्टर डॉ0 परमेश कुमार द्विवेदी ने सभी थोक के दवा व्यापारियों को निर्देश दिया कि कि वह अपने सभी रिकार्ड दुरुस्त रखें तथा निरीक्षण और सत्यापन के दौरान उन्हें उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि थोक दवा दुकानों के निरीक्षण के समय दुकान का नक्शा, दवाओं की खरीद बिल, बिक्री के कैशमीमो, जीे.एस.टी. रजिस्ट्रेशन व्यापार कर विभाग में, थोक दवा का लाइसेंस तथा उसका समय-समय पर हुआ नवीनीकरण प्रपत्र आदि का सत्यापन किया जायेगा। उसके अलावा दवा व्यापार के लिए विभाग द्वारा निर्धारित सभी मानकों की भी निरीक्षण के दौरान जांच की जायेगी। सत्यापन के दौरान यह भी देखा जायेगा कि लाइसेंसी फर्म अपने स्वीकृत नक्शे के अनुसार पते एवं चौहद्दी में स्थित है या नहीं ? इसके साथ ही फर्म में दवा भंडारण की पर्याप्त जगह है या नहीं ? जानकारी के अनुसार कोडीनयुक्त सीरप तथा नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं को लेकर एफ.एस.डी.ए. ने करीब दो माह अभियान चलाया। इस दौरान तमाम फर्मों में मिलीं अनियमितताओं के मद्देनजर थोक दवा विक्रेताओं की जांच करने का फैसला किया गया है।
जनपद की सभी थोक दवा दुकानों का निरीक्षण कर उनका होगा सत्यापन
