ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप ने यूरोप के 8 देशों पर लगाया 10% टैरिफ

समृद्धि न्यूज। राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर अमेरिका के नियंत्रण का विरोध करने वाले आठ यूरोपीय देशों पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। जिन देशों के खिलाफ उन्होंने ये एक्शन लिया है, उनमें डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूके, नीदरलैंड और फिनलैंड शामिल हैं। इन पर ये टैरिफ फरवरी से लागू होगा। इतना ही नहीं अगर ग्रीनलैंड को लेकर डील नहीं होती है तो 1 जून को इसे बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया जाएगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ग्रीनलैंड और यूके्रन को लेकर अमेरिका की टैरिफ धमकियों को सख्त शब्दों में अस्वीकार्य बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का दबाव या धमकी फ्रांस और यूरोप को अपने सिद्धांतों से पीछे हटने पर मजबूर नहीं कर सकती। इस बीच, यूरोपीय संघ ने मामले पर विचार के लिए आपात बैठक बुलाने का एलान किया है। एक तरफ ट्रंप टैरिफ बम बरसा रहे हैं तो दूसरी ओर उनके इरादों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है।। डेनमार्क और ग्रीनलैंड में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए, हजारों लोग सडक़ों पर उतरे और कहा कि ग्रीनलैंड की लोकतांत्रिक व्यवस्था, लोगों के अधिकार और आत्मनिर्णय से कोई समझौता नहीं हो सकता है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि यूरोप की संप्रभुता पर कोई समझौता नहीं होगा और यदि टैरिफ लगाए जाते हैं तो यूरोपीय देश एकजुट और समन्वित जवाब देंगे। मैक्रों ने कहा कोई भी धमकी या डर हमें प्रभावित नहीं कर सकता न यूके्रन में, न ग्रीनलैंड में और न ही दुनिया के किसी अन्य हिस्से में। टैरिफ की धमकियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *