अमिताभ श्रीवास्तव
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने रविवार को कचहरी परिसर के जिला पंचायत कार्यालय के बगल में बने नवनिर्मित अधिवक्ता एवं न्यायपथ द्वार का लोकार्पण कर नगर निगम द्वारा बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग व कचहरी परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान,प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया, जिला जज रणंजय कुमार वर्मा, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी,जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर तथा नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार समेत कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहें।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भंसाली का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगमन सर्किट हाउस में हुआ,जहां उनका स्वागत न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान,प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया तथा जिला जज रणंजय कुमार वर्मा सहित कई न्यायिक और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भंसाली नगर निगम द्वारा निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग स्थल पर पहुंचे जहां अधिकारियों द्वारा अधिवक्ताओं व न्यायालय से संबंधित अधिकारियों व कार्मिकों की पार्किंग के संबंध में जानकारी दी गई और बताया कि इस द्वार के निर्माण से रामपथ पर खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दूरी घटने पर अब अधिवक्ताओं, न्यायालय के कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और वादकारियों के वाहन नवनिर्मित पार्किंग स्थल में खड़ा करना सुविधाजनक हो जाएगा।इसके बाद मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति द्वारा अधिवक्ता द्वार एवं न्यायपथ का लोकार्पण कर द्वार से कचहरी तक जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया,
जहां अधिकारियों द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी गई।मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भंसाली लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात हनुमानगढ़ी पहुंचे और दर्शन पूजन किया गया और तत्पश्चात श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंच कर प्रभु श्री रामलला का दर्शन पूजन किया।
