परीक्षा केंद्र पर लापरवाही पर माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जायेगी रिपोर्ट
(निशीत सक्सेना)
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यू0पी0 बोर्ड की परीक्षा में प्रश्न पत्र डबल लॉक अलमारी में रखे जायेंगे। जिसकी २४ घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जायेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पेयजल, कैमरे, बिजली, फर्नीचर और स्ट्रांग रुम की सभी व्यवस्थायें मानक के अनुसार दुरुस्त करने के निर्देश दिये हैं।
जानकारी के मुताबिक स्ट्रांग रुम में डबल लॉक की चार अलमारियों में बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों को रखा जायेगा। जिसकी निगरानी २४ घंटे कैमरे से रखी जायेगी। परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की लापरवाही होने की स्थिति में केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्यवाही हेतु माध्यमिक शिक्षा परिषद को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी गयी है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए ७८ विद्यालयों और एक केंद्रीय कारागार को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा हेतु प्रश्न पत्रों के दो-दो सैट जायेंगे। जिन्हें केंद्रों पर स्ट्रांग रुम में डबल लॉक अलमारी में रखा जायेगा। दो अलमारियों में दोनों पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए आये प्रश्न पत्र, तीसरी अलमारी में छात्र अनुपस्थिति होने पर बचे प्रश्न पत्र और चौथी अलमारी में प्रश्न पत्र के अतिरिक्त सैट को रखा जायेगा। जिसकी चाबी केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी। परीक्षा के एक घंटे पहले तीनों लोगों की उपस्थिति में अलमारी खोली जायेगी। जिसका लेखा जोखा लॉक बुक में दर्ज करना होगा। अतिरिक्त सैट की अलमारी को विषम हालातों में माध्यमिक शिक्षा परिषद के आदेशों से खोला जायेगा।
बोर्ड परीक्षा: सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और डबल लॉक में रहेंगे प्रश्न पत्र
