मेजर एस.डी. सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

 फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेजर एस.डी. सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ  मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं मंच तक सम्मानपूर्वक आगमन के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनोरमणी ने स्वागत भाषण देते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व एवं भारतीय संविधान की गरिमा पर प्रकाश डाला।

वर्ष 2025 बैच के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कुशाग्र और श्रेया द्वारा किया गया। प्राची, प्रगति एवं रिद्धि ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद याशी ने देशप्रेम पर प्रभावशाली भाषण दिया। प्रिया और करिश्मा ने मधुर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नवाब काजिन हुसैन खान ने अपने पूर्वजों द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान तथा ब्रिटिश शासन के दौरान फांसी की सजा पाने के ऐतिहासिक प्रसंग को साझा किया ।विशिष्ट अतिथि डॉ. राम कृष्ण राजपूत ने  फर्रुखाबाद के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण किया। धैर्य द्वारा सैनिक के अपनी माँ को लिखे पत्र पर आधारित कविता पाठ ने सभी को भावविभोर कर दिया। आदर्श कटियार ने भारतीय संविधान के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

विशिष्ट अतिथि स्नेहलता राठौर, जो काला पानी की सजा के दौरान शहीद हुए शहीद महावीर सिंह राठौर की भतीजी हैं, ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। इसके पश्चात प्रिया, यश, श्रेया, अनामिका एवं कशिश द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति समूह नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

स्वयम ने भारत के नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर सारगर्भित भाषण दिया। प्रशांत ने श्रीकृष्ण एवं पार्थ (अर्जुन) के संवाद पर आधारित कविता का प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन हर्षिता, प्रज्ञा एवं आशी द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति समूह नृत्य से हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सभी मुख्य अतिथियों का शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का समापन कॉलेज कोऑर्डिनेटर एवं उपप्रधानाचार्या डॉ. नीतूश्री द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया, जिससे समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समस्त कार्यक्रम के सफल संयोजन में डॉ. अरुण कुमार पांडेय का योगदान सराहनीय रहा।

इस अवसर पर डॉ. शीलू गुप्ता, डॉ. रीता सिंह, डॉ. जीतेंद्र रॉय गौर, डॉ. सीबा प्रसाद मिश्रा, डॉ. वेणु, डॉ. संतोष, डॉ. सुमन कुंडू, डॉ. बिघ्नेश्वर मिश्रा सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के तकनीकी संचालन में राहुल, अनिकेत एवं धर्मेंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

महाविद्यालय के स्नातक, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं इंटर्न्स की सक्रिय सहभागिता से यह समारोह अत्यंत भव्य एवं सफल रहा तथा सभी में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *