गणतंत्र दिवस पर यूपीयूएमएस में ‘अटल हर्बल गार्डन’ का शिलान्यास, कुलपति डॉ. अजय सिंह ने की पहल

सैफई, समृद्धि न्यूज। 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में पर्यावरण संरक्षण और आयुष आधारित चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित ‘अटल हर्बल गार्डन’ का शिलान्यास कुलपति डॉ. अजय सिंह ने किया। यह हर्बल गार्डन यूपीयूएमएस एम्पलॉइज़ एसोसिएशन की देखरेख में विकसित किया जाएगा।
हर्बल गार्डन में औषधीय महत्व की विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। ये पौधे आयुर्वेदिक, यूनानी एवं अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में उपयोगी माने जाते हैं। इससे विश्वविद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े अध्ययनों को भी बल मिलेगा।शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कुलपति डॉ. अजय सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर यह पहल विश्वविद्यालय के समग्र विकास और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी को दर्शाती है। औषधीय पौधों का यह उद्यान छात्रों और शोधार्थियों के लिए एक जीवंत शैक्षणिक संसाधन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैज्ञानिक आधार मिलेगा।
एम्पलॉइज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर अटल हर्बल गार्डन का शिलान्यास कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी है। यह उद्यान कर्मचारियों की देखरेख में चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा और भविष्य में विश्वविद्यालय की पहचान का अहम हिस्सा बनेगा।
इस मौके पर प्रतिकुलपति डॉ. रमाकांत यादव, कुल सचिव दीपक वर्मा (पीसीएस), डीन डॉ. आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, चीफ प्रॉक्टर डॉ. विजय मिश्रा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केबी अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में यूपीयूएमएस एम्पलॉइज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव, महामंत्री राजीव कुमार, उपाध्यक्ष अमित शुक्ला के साथ राजेश यादव, प्रहलाद शुक्ला, स्वदेश दीक्षित, जंत्री प्रसाद वर्मा, गौरव श्रीवास्तव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *