डंपर की टक्कर से महिला समेत दो लोगों की मौत

 कैंची धाम से दर्शन कर कार से लौट रहे थे मृतक
मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। कैंची धाम से दर्शन करके कार से लौट रहे महिला समेत दो लोगों की डंपर की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के जनपद व थाना भिंड के वार्ड नंबर 30 वीरेंद्र नगर निवासी स्वर्गीय रामचंद्र कुशवाह के 28 वर्षीय पुत्र सुनील कुशवाह तथा उसकी 35 वर्षीय मौसी कांति कुशवाह पत्नी रवि कुशवाह निवासी ग्वालियर कैंची धाम कार से दर्शन करने गये थे। वहां से वापस लौट रहे थे, तभी इटावा बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद के निकट उनकी कार में अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। जिससे कार में सवार सुनील कुशवाह व कांति कुशवाह को गंभीर चोटें आयीं, जबकि कार में सवार अन्य संजय कुशवाह, ऋषि कुशवाह, नीलम कुशवाह तथा अंजना कुशवाह को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। सूचना पर बीती रात्रि चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने घायलों को डायल 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा। जहां चिकित्सक ने सुनील कुशवाह व कांति कुशवाह को मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। सुबह मृतकों का पंचनामा उप निरीक्षक जसवीर सिंह ने भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक दो भाइयों में छोटा था। मृतक एम0ए0 का छात्र था। वहीं कांति कुशवाह के पति रवि मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। मृतका के एक पुत्र आयुष 14 वर्ष व पुत्री मानसी 12 वर्ष व श्री 8 वर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *