यूपी में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और कटवाने के लिए अब 6 मार्च तक का समय

समृद्धि न्यूज। अगर आप भी अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाना चाहते हैं या कोई गलती सुधारना चाहते हैं तो अब आपके पास 6 मार्च तक का समय है। उत्तर प्रदेश के मतदाताओं के लिए राहत भरी खबर है। अगर आप अब तक अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं करा पाए हैं या कोई सुधार करवाना चाहते हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान की समय सीमा को बढ़ाकर 6 मार्च 2026 कर दिया है। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में एसआईआर की समय सीमा बढ़ाकर 26 दिसंबर तक कर दिया था। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 फरवरी को होना था। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर 14 दिन के लिए अभियान की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था। चुनाव आयोग ने उनकी मांग मानते हुए एसआईआर की समय सीमा 15 दिन के लिए बढ़ा दी थी, चुनाव आयोग के मुताबिक एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध बनाना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि चार फरवरी तक फॉर्म 7 में नाम काटने की 82684 आपत्तियां आईं है, जबकि फॉर्म 6 में नाम जुड़वाने के लिए 37 लाख 80 हजार 414 फॉर्म, ओवरसीज 1000 फॉर्म मिले हैं। इसके अलावा 5 फरवरी को सिर्फ एक दिन में 3 लाख 51 हजार 501 नाम जुड़वाने के लिए आए हैं, जो रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि 3 करोड़ 26 लाख लोगों को नोटिस भेजा जा रहा है, उनका जवाब आना है, 2 करोड़ 37 लाख नोटिस जनरेट हो गए हैं। वहीं, 30 लाख 30 हजार लोगों की सुनवाई हो गई है, 86 लाख 27 हजार को नोटिस मिल भी गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि फॉर्म 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं और फॉर्म सात भरकर नाम कटवा भी सकते हैं, अब 27 मार्च तक सुनवाई होगी जो पहले 27 फरवरी तक थी, अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को फाइनल प्रकाशित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *