समृद्धि न्यूज। अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को एकतरफा अंदाज में हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत ने छठी बार अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता है और इस जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे।
भारत ने एक बार फिर अंडर-19 क्रिकेट में अपना दबदबा साबित कर दिया। 6 फरवरी को खेले गए आईसीसी अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ आयुष म्हात्रे अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले भारत के छठे कप्तान बन गए। जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट में युवा भारतीय टीम ने पूरे अभियान में संतुलित प्रदर्शन किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए, जवाब में इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गई, उसने 311 रन बनाए। भारत की जीत के हीरो रहे 14 साल के वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने फाइनल में 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 15 छक्के, 15 चौके मारे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 51 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली। भारत ने सबसे ज्यादा छह बार यह खिताब जीता है, जबकि ऑस्ट्रेलिया चार बार, पाकिस्तान दो बार और वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और इंग्लैंड एक-एक बार चैंपियन रहे हैं।
अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारत छठी बार बना चैंपियन
