लखनऊ, समृद्धि न्यूज। योगी सरकार ने शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों को बड़ी सौगात दी है। अब शिक्षा मित्रों को 18,000 और अनुदेशकों को 17,000 रुपये मानदेय मिलेगा, जो 1 अप्रैल से लागू होगा। साथ ही शिक्षकों को 5 लाख का कैशलेस इलाज मिलेगा और नए कस्तूरबा गांधी विद्यालय बनाए जाएंगे। सीएम योगी ने शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब शिक्षा मित्रों को अप्रैल से 10 हजार की जगह 18 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि अनुदेशकों को 17 हजार रुपये दिए जाएंगे। सरकार ने तत्काल भुगतान व्यवस्था लागू करने की बात भी कही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना में गांवों में 8000 डिजिटल उद्यमी बनाएंगे। इसमें महिलाओं के लिए आरक्षण होगा, जिसकी सीमा 50 फीसदी होगी। केंद्रीय बजट में किए गए ऐलान की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी वूमेन एंटरप्रेन्योर मार्केटिंग इंडस्ट्री सेंटर स्थापित किए जाएंगे। सीएम ने कहा एग्रीकल्टर एक्सपोर्ट के लिए हमने बजट में 100 करोड़ की व्यवस्था की है। सीएम योगी ने कहा विश्वविद्यालयों की ओर से 5000 से ज्यादा पेटेंट की फाइलिंग हुई है, जिसमें 300 से ज्यादा स्वीकृत हो चुके हैं। 2017 के पहले निजी विश्वविद्यालयों की स्वीकृति के लिए पिक एंड चूज किया जाता था। प्रदेश के छह मंडल तो ऐसे थे कि जहां एक भी विश्वविद्यालय नहीं था।
