नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अंतरराष्ट्रीय कुश्ती आयोजित

रामेश्वर पहलवान ने जीती पल्सर बाइक और ढाई लाख का इनाम
महिला विंग में प्रथम पूनम फोगाट को 1 लाख रुपये का मिला इनाम
फर्रुखाबाद/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय नेताजी स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर 193 विधानसभा अमृतपुर के ग्राम नवादा सिरोली मढ़ी के पास रविवार को एक भव्य अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सपा के नि0 प्रदेश सचिव एवं अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव रहे। दंगल का उद्घाटन पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने फीता काटकर किया। दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। महान भारत केसरी रामेश्वर पहलवान (हाथरस) ने भारत केसरी सोमवीर पहलवान (कुरुक्षेत्रए हरियाणा) को हराकर शानदार जीत दर्ज की। विजेता रामेश्वर पहलवान को दंगल के आयोजक डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने प्रथम पुरस्कार के रूप में एक 150 सीसी पल्सर बाइक और 2 लाख 51 हजार रुपये की नकद राशि व ट्राफी भेंट की। उपविजेता रहे सोमवीर पहलवान (हरियाणा) को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2 लाख 11 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई। दंगल में दिल्ली केसरी आसिफ पहलवान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें भी 1 लाख रुपये की धनराशि व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह से तृतीय व चतुर्थीय एवं पंचम स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को 1-1 लाख रुपये व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला केसरी राजेश पहलवान (आगरा), सुरेश पहलवान (मथुरा), शेरू (पंजाब) और सचिन (गोरखपुर) सहित कई दिग्गज पहलवानों ने अपनी कुश्ती का शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में इंटरनेशनल महिला पहलवान पूनम फोगाट (कुरुक्षेत्र हरियाणा) ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिन्हें डा0 जितेन्द्र सिंहद यादव ने 1 लाख रुपये की धनराशि व ट्राफी देकर सम्मानित किया, जबकि अंशु मलिक (गाजियाबाद) को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दंगल का संचालन राष्ट्रीय अनाउंसर ठा0 पवन सिंह (मऊ) ने किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कार्यक्रम के आयोजक डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, तहसीन सिद्दीकी, सर्वेश अंबेडकर, नागेंद्र शाक्य, अजीत कठेरिया, रामसेवक यादव, सरल दुबे, बलराम यादव मैनपुरी, विनय यादव, सत्यवीर गंगवार, मनदीप यादव, सुधांशु पाठक, डॉ0 नवरंग सिंह, रविंद्र सिंह यादव चुन्नू, साजिद खान, उदय प्रताप सिंह भोला यादव, अंश दुबे, यूसुफ पटेल प्रधान, शुभम राय हनी, संतोष यादव, अरविंद कश्यप, धर्मेंद्र राजपूत, विजेंद्र सिंह प्रधान, रूकमंगल सिंह, अजीत यादव और हरीश सिंह यादव नगर पंचायत मोहम्मदाबाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक व अपार भीड़ मौजूद रही। संचालन सुरेन्द्र सिंह गौर ने किया।

दंगल के जरिए नशा मुक्ति व परंपरा को बढ़ावा देने की पहल: डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव

फर्रुखाबाद। अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं दंगल आयोजक डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव स्वयं पहलवान थे और उन्होंने राजनीति में भी अपने दांव-पेंच दिखाए। उन्हें पहलवानी बेहद पसंद थी, इसलिए उनकी जयंती पर दंगल आयोजित करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता था। डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आज का युवा तेजी से नशे की चपेट में जा रहा है। जब युवा पहलवानी और इस तरह के पारंपरिक खेलों से जुड़ेंगे, तो वे नशे से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर साल यह दंगल आयोजित किया जाएगा और नशे के खिलाफ अभियान चलाकर युवाओं को गलत लत से बचाने का संदेश दिया जाएगा।

स्वास्थ्य, अनुशासन और परंपरा का संगम

कुश्ती को हमारी प्राचीन परंपरा और जीवनशैली का हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे शरीर ताकतवर और दिमाग मजबूत बनता है। जीत-हार की आदत से बच्चों और युवाओं की गु्रमिंग व अपग्रेडिंग बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में इस तरह का पहला कार्यक्रम कराया गया है और आगे कई स्थानों पर अखाड़े बनवाकर इसकी शुरुआत की जाएगी। शहर के युवाओं के जिम जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि युवाओं को दंगल में भी आना चाहिए, क्योंकि यह हमारी मूल संस्कृति है।

कई राज्यों से पहुंचे पहलवान, अगले महीने विदेश से भी आएंगे खिलाड़ी

डॉ0 जितेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि दंगल में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित कई प्रदेशों से पहलवान पहुंचे हैं। उन्होंने घोषणा की कि अगले महीने अंतरराष्ट्रीय दंगल कराने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें विदेश से भी पहलवान बुलाए जाएंगे और फर्रुखाबाद में कुश्ती को एक नया आयाम दिया जाएगा।

दंगल के रोमांच में खुद को रोक नहीं पाए आयोजक

भीड़ के बीच जमीन पर बैठकर देखी कुश्ती
फर्रुखाबाद। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नवादा सिरोली मढ़ी के पास आयोजित कुश्ती दंगल के दौरान रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। दंगल में चारों ओर से उमड़ी अपार भीड़ और पहलवानों के दांव-पेंच पर गूंजती तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया। मुकाबलों की बढ़ती रोमांचकता के बीच मंच पर बैठे कार्यक्रम के आयोजक एवं अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव खुद को रोक नहीं पाए। वे मंच से उठकर नीचे आए और आम दर्शकों व भीड़ के साथ जमीन पर बैठकर कुश्ती का आनंद लेने लगे। डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव का इस तरह सादगी के साथ भीड़ के बीच जमीन पर बैठकर मुकाबले देखना लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। उनके इस अंदाज ने दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा दिया और पूरे दंगल परिसर में तालियों व जयकारों से माहौल जीवंत हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *