समृद्धि न्यूज। कर्नाटक की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब शिराहट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ0 चंद््रु लमानी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक संस्था कर्नाटक लोकायुक्त ने की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक चंद््रु लमानी को तीन मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्हें एक ठेकेदार से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। लमानी को शनिवार रात गडक से बंगलूरू लाया गया और जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत में पेश किया गया। विधायक को गडक जिले के चिंचाली के रहने वाले श्रेणी-1 ठेकेदार विजय पुजार की शिकायत के बाद लोकायुक्त की कार्रवाई में रंगे हाथ पकड़ा गया था। लोकायुक्त के अनुसार, विधायक चंद््रु लमानी ने सडक़ के किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य को मंजूरी देने के लिए ठेकेदार से कुल 11 लाख की रिश्वत मांगी थी आरोप है कि इस रकम में से 5 लाख की अग्रिम राशि लेते समय लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप बिछाकर विधायक को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में विधायक के दो सहयोगियों मंजूनाथ वाल्मीकि और गुरुनायक को भी हिरासत में लिया गया है।
