आफीसर्स क्लब में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का हुआ आयोजन

शिविर में लोगों को प्रदान की गयी कानूनी सलाह और सहायता
प्रचार प्रसार के लिए विभिन्न विभागों के लगाये गये दर्जनों स्टाल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आफीसर्स क्लब फतेहगढ़ में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानूनी सलाह और सहायता प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज नीरज कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रियंका गांधी, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
जिला जज नीरज कुमार ने बताया कि जो लोग धन के अभाव में अधिवक्ता नियुक्त नहीं कर सकते, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस आयोजन का मकसद लोगों में कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिलें वितरित की गईं। शिविर के शुभारंभ स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथियों का अभिनंदन किया। इस मेगा शिविर में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, राजस्व विभाग, न्याय विभाग, ग्राम्य विकास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपर न्यायाधीश/नोडल अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि यह विधिक सहायता सेवा शिविर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सोलर सहित तमाम विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, ताकि लोग योजनाओं की अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सके। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की बात कही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायाधीश/सचिव प्रियंका गांधी ने जानकारी दी कि यह मेगा शिविर जिला जज की अध्यक्षता में आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को कानूनी मदद कैसे मिले और मुकदमों में फंसने पर सरकारी सेवा कैसे प्राप्त हो, इस बारे में जागरूक करना है। उन्होंने विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाने का भी उल्लेख किया। इसके अलावा सामान्य जनता का हुजूम लगभग 5354 के आसपास रहा है। कार्यक्रम में अनुमानित 5354 की संख्या में लोग सम्मिलित होकर सामान्य जनता के लोग भागीदार बने। कार्यक्रम का समापन शाम करीब 5:00 बजे किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर न्याय विभाग की ओर से न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, प्रशासन की ओर से सभी विभागों के अधिकारीगण, स्वयं सहायता समूह के सदस्यगण, न्यायालय की ओर से न्यायिक/प्रशासनिक कर्मचारीगण, विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिनितम उपाध्याय व संचालन सचिन सिंह बाल कल्याण अधिकारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *