मेरठ अग्निकांड: कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग, बच्चों सहित 6 की मौत

समृद्धि न्यूज। मेरठ के किदवई नगर में सोमवार रात एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। मकान के निचले हिस्से में कपड़ों का गोदाम होने के कारण आग ने तेजी पकड़ी, जिसमें एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान एक महिला और 5 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह मान रही है। किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में स्थित यह तीन मंजिला मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का है। इस मकान में उनके दो बेटों, आसिम और फारूक के परिवार भी साथ रहते हैं। मकान के प्रथम तल पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना संचालित होता है, जहां पावरलूम के जरिए धागों से कपड़ा तैयार किया जाता है, जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है। हादसे के वक्त इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक तरावीह की नमाज पढऩे के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर पर इकबाल की पत्नी अमीर बानो, आसिम की पत्नी रुखसार उनका 3 वर्षीय बेटा अकदस 6 माह की जुड़वां बेटियां नबिया व इनायत और फारूक की बेटी महविश व बेटा हम्माद मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं और पूरी इमारत धुएं के गुबार से भर गई। धुएं और आग की लपटों ने निकास द्वार को घेर लिया, जिससे परिवार अंदर ही फंस गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चल रहे कपड़ों के गोदाम की वजह से आग तेजी से फैली। दमकल विभाग की कई गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, सभी 7 झुलसे हुए लोगों को तुरंत मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक महिला और पांच बच्चों ने दम तोड़ दिया। एक अन्य महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण लग रहा है। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में चुनौतियां आईं। इस हादसे में कुल छह लोगों की जान गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *