समृद्धि न्यूज। फिल्म जन्नत फेम अभिनेत्री सोनल चौहान मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच दुबई में फंस गई हैं। जंग की वजह से फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं। ऐसे में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जंग शुरू हो चुकी है और इसका असर खाड़ी के कई देशों में पहुंच गया है। लगातार बरस रही मिसाइलों और बम के धमाकों के कारण ईरान और इजरायल के अलावा आस-पास के देशों में भी हवाई यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है, जिसके चलते अलग-अलग एयरपोट्र्स में कई लोग फंस गए हैं। यूएई में स्थिति दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है, जिसे बंद कर दिया गया है और हजारों की संख्या में लोग फंस गए हैं। इनमें ही भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी हैं, जो एक टूर्नामेंट के लिए ब्रिटेन जा रही थीं लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही दुबई में फंस गईं। वहीं सोनल चौहान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मैं जंग की वजह से दुबई में फंसी हुई हूं। फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं और भारत लौटने का कोई रास्ता नहीं है। मैं घर वापस जाने के लिए सरकार से सुरक्षित यात्रा के लिए मार्गदर्शन चाहती हूं। किसी भी मदद के लिए शुक्रगुजार हूं। वहीं भारत की ओलंपिक मेडलिस्ट शटलर सिंधु भी इनमें से एक रहीं, जो अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पर ही फंस गई, वो ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं।
दुबई में फंसी भारतीय स्टार पीवी सिंधु व अभिनेत्री सोनल चौहान
