सैफई से सपा मुखिया अखिलेश यादव का बड़ा बयान: “युद्ध नहीं, शांति और भाईचारे का रास्ता चुने देश”

सैफई : होली के अवसर पर सैफई में आयोजित कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने देश और दुनिया के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत के त्यौहार हमें अच्छाई का रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि होली अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, इसलिए इस अवसर पर हमें आपसी भाईचारे और इंसानियत को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया जिस दौर से गुजर रही है, वैसा समय पहले कभी नहीं देखा गया। कहीं मिसाइलें चल रही हैं, कहीं बम गिर रहे हैं और कई देशों में युद्ध अब तक थमे नहीं हैं। तकनीक के इस युग में दुनिया के किसी भी हिस्से में होने वाली घटना की जानकारी तुरंत मिल जाती है। कई देश एक-दूसरे की सीमाओं में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताकतवर देशों द्वारा लिए जा रहे फैसले वैश्विक शांति के लिए चिंता का विषय हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और समाजवादी विचारधारा कभी युद्ध के पक्ष में नहीं रही और न रहेगी। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया था और भारत ने हमेशा दुनिया को शांति का संदेश दिया है। हमारे देश की पहचान इंसानियत और भाईचारे से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना होगा।
उन्होंने कहा कि आज हम होली मना रहे हैं और 2012 को याद करना चाहिए, जब होली के बाद ही समाजवादी सरकार बनी थी। उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटें हैं और समय कम बचा है, इसलिए कार्यकर्ताओं को ज्यादा मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने का रास्ता सैफई से ही शुरू होगा और यहां के लोग हमेशा समाजवादी विचारधारा को मजबूती देते आए हैं।
पीडीए के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साथ लेकर चलने का यह संकल्प है। जो भी पीड़ित और दुखी है, समाजवादी उसके साथ खड़े हैं। उन्होंने धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जो दूसरे के दुख को अपना दुख समझे वही सच्चा योगी होता है, केवल बाहरी आडंबर से कोई योगी नहीं बन सकता।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। सोना और चांदी इतनी महंगी हो चुकी है कि आम आदमी के लिए खरीदना मुश्किल है। रोजगार के अवसर घटे हैं और किसानों की समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा और विदेश नीति पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देना होगा।
अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को सबसे ज्यादा लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित रहने और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि इटावा से पीडीए प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी, जिसे आगे हर जनपद तक पहुंचाया जाएगा।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने बाबा साहब के संविधान और समाजवादी चिंतन का उल्लेख करते हुए कहा कि खुशहाली का रास्ता समाजवाद से होकर जाता है। उन्होंने होली के अवसर पर सभी को संकल्प दिलाया कि आगामी चुनाव में पहले से बड़ी जीत सुनिश्चित करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *