शमशाबाद (सं.)। शमशाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला अलेपुर पीत धौलेश्वर निवासी बिलकीस बेगम पत्नी इंतजार खां की घर के पास परचून की दुकान है। बुधवार की सुबह महिला दुकान के निकट नाले के पास चारपाई पर बैठी हुई थी। उसी दौरान शमशाबाद से रोशनाबाद की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक सड़क पर बच्चों को देख असंतुलित हो गया और अनियंत्रित होकर नाले से कूद मकान की दीवार में जा घुसा। वहीं चारपाई पर बैठी महिला ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके से जहां चालक फरार हो गया, वहीं मुहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद कोहराम मचा गया। आनन-फानन में परिवार के लोगों द्वारा घायल महिला को उपचार हेतु कस्बे के प्राइवेट नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां चिकित्सकों के इन्कार करने पर कायमगंज के एक प्राइवेट नर्सिंग होम ले जाया गया। इसी मुहल्ले के निवासी ट्रैक्टर चालक खिल्लू पुत्र इदरीश ट्रैक्टर चला रहा था और शमशाबाद से रोशनाबाद की ओर जा रहा था। गांव के निकट अचानक सड़क किनारे खेल रहे बच्चों को बचाने के चक्कर में ट्रेक्टर अनियंत्रित हो गया?
