पुलिस की मौजूदगी में सड़क की पैमाइश, खेत की मेड़ के दोनों ओर डाला गया चूना; विवाद के चलते नहीं हो सका मिट्टी कार्य
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर से नगला हूसा संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए मिट्टी कार्य कराए जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को राजस्व टीम पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क की पैमाइश कर खेत की मेड़ के दोनों ओर चूना डालकर सीमा चिह्नित की। इस दौरान एक पक्ष ने राजस्व टीम पर एकतरफा नाप करने का आरोप लगाते हुए विरोध किया, जिसके चलते टीम के साथ कहासुनी भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अमृतपुर से नगला हूसा संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के तहत मिट्टी कार्य कराया जाना है। सड़क की नाप और मिट्टी कार्य कराए जाने को लेकर उत्पन्न हो रहे विवाद को देखते हुए निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता द्वारा पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा गया था।
गुरुवार को राजस्व टीम की ओर से राजस्व निरीक्षक लाल बहादुर और दिनेश शर्मा के साथ लेखपाल सावन यादव, ज्योति और वरुण यादव पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व टीम ने सड़क की नाप की तथा खेत की मेड़ के दोनों ओर चूना डालकर सीमा निर्धारित की।
इसी दौरान एक पक्ष ने राजस्व टीम द्वारा की जा रही पैमाइश पर आपत्ति जताते हुए एकतरफा नाप करने का आरोप लगाया। इसे लेकर राजस्व टीम और संबंधित पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
विवाद की स्थिति के चलते गुरुवार को संपर्क मार्ग पर मिट्टी डालने का कार्य नहीं हो सका। इसके बाद राजस्व टीम मौके से वापस चली गई। मौके पर एसआई सुरेश, कांस्टेबल, पीडब्ल्यूडी के जेई वीर बहादुर सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
