पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के मांजना रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव डबुआ निवासी हरनाथ सिंह (50 वर्ष) पुत्र मेवाराम खेती-किसानी करते थे। वह बाजार से कुछ सामान खरीदने गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मांजना रोड पर बालाजी फिलिंग स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर नगला जोधा की ओर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हादसे की खबर पाकर मृतक की पत्नी शांति देवी, भाई रामनाथ पीआरडी जवान, नन्हेलाल, राजवीर, तीनों बेटे रितेश, आलोक, अभिषेक और बेटियां सविता, सुनीता, सरिता व कोमल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ बालाजी फिलिंग स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, जबकि कस्बा इंचार्ज दरोगा गीतम सिंह कस्बा चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए वाहन का सुराग लगाने में जुटे हैं।
