जसमई फीडर की विद्युत व्यवस्था चरमराई, लोगों ने लगाया जाम

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जसमई फीडर की विद्युत व्यवस्था फिर चरमरा गयी है। गुरुवार को दोपहर से क्षेत्र में विद्युत सप्लाई न आने से स्थानीय लोग गर्मी से परेशान हैं। इसी से नाराज होकर स्थानीय लोगों ने तिकोना जसमई रोड पर जाम लगा दिया। काफी देर जाम लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। शीघ्र विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के आश्वासन पर जाम खोला गया। स्थानीय लोगों को गर्मी के अलावा पानी की दिक्कत रही। जिसके चलते हैंडपंपों पर पानी के लिए भीड़ लगी हुई है। गढ़ी अशरफ अली, जसमई चौराहा, बजरिया, बड़ा खेल, बजरिया सालिगराम के अलावा आसपास के लोग विद्युत व्यवस्था से प्रभावित हैं। बीते एक सप्ताह पूर्व भी तीन दिन तक बिजली की सप्लाई बाधित रही थी। दूसरी बार यह व्यवस्था चौपट होने के चलते लोगों में नाराजगी है। बिजली के बिल पहले से ज्यादा आ रहे हैं, जबकि सप्लाई देने में विभाग के लोग पल्ला झाड़ रहे हैं। पूरी रात उमस व गर्मी से तड़प रहे लोगों ने कहा कि शीघ्र विद्युत व्यवस्था ठीक न हुई, तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन कर सड़क जाम करने को बाध्य होगी। जिसकी सारी जिम्मेदारी बिजली विभाग के जिम्मेदार लोगों की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *