तीन दिन से नहीं आ रही बिजली, सड़क पर उतरे लोग

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिन दिनों से अंधेरे में रह रहे लोगों का शनिवार को धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने चौक पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर और समस्या का समाधान कराने की बात कहकर जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला पल्ला में बीते तीन दिनों से बिजली नहीं आ रही है। जिससे वहां के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिस पर शनिवार को लोग भड़क गये और सैकड़ों की संख्या में चौक पर जाकर जाम लगा दिया। जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया। लोगों का कहना था कि बिजली न आने से उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं। साथ ही मोबाइल आदि चार्जिंग नहीं हो पा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को कतई तैयार नहीं हुए। जिस पर पुलिस ने उनकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोगों ने बमुश्किल जाम खोला। इस दौरान राजू बाथम, अनिल, रवि, संगीता, सोनी, अतुल, रीतू, नित्या, आरती, सोनाली, रिशू, सौरभ, विजय, आकाश, चिराग, श्लोक, मुन्नी देवी, कल्लू, गुड्डू सहित दर्जनों की संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। वहीं तहसील दिवस में मोहल्ला गढ़ी अशरफ अली के निवासियों ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विशाल दुबे, रितिक मिश्रा, अनुपम पाण्डेय, राजीव दुबे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *