पिता ने की थी हत्या, शिनाख्त छिपाने के लिए चेहरा तेजाब से जला दिया था
कंपिल, समृद्धि न्यूज। तीन माह पूर्व महिला का शव सडक़ किनारे खेतों में पड़ा मिला था। शव की पहचान मिटाने के लिए आरोपितों ने महिला के चेहरे को ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया। शनिवार को थाने पहुंचे महिला के प्रेमी ने उसकी पहचान अपनी प्रेमिका के रूप में की। जिससे महिला की हत्या की गुत्थी सुलझ गयी।
कंपिल अटैना मार्ग पर गांव कारव मोड़ के निकट खेतों में तीन माह पूर्व खेतों में काम कर रहे किसानों ने एक महिला का शव पड़ा देखा था। शव की पहचान मिटाने के लिए महिला के चेहरे को तेजाब से जलाया गया था। महिला के हाथ पर प्रेमी का नाम लिखा था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता न मिलने पर शव का पीएम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन माह बाद रविवार को कंपिल थाने पहुंचा जनपद कासगंज के अवापुर थाना के गांव सेवका निवासी बिजेंद्र ने महिला की पहचान अपनी गांव निवासी (22) वर्षीय प्रेमिका बिंदू पुत्री सुरेंद्र के रूप में की। बिजेंद्र ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों प्रेम विवाह कर नोएडा में जाकर रहने लगे। कुछ समय बीतने के बाद महिला के पिता ने उसको घर में शादी समारोह का झांसा देकर बुला लिया। महिला पिता के घर चली गयी। एक सप्ताह बीतने के बाद महिला का फोन बंद हो गया। बिजेंद्र को शक होने पर वह अपने गांव सेवका पहुंच गया, लेकिन महिला का पता नहीं चल सका। बिजेंद्र ने महिला के पिता के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद पिता ने पुलिस पूछताछ में बेटी की हत्या की बात स्वीकार की। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान हो गयी है। जांच की जा रही है।
