
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भूजल सप्ताह के अंतर्गत लघु सिंचाई विभाग एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। जिसके अंतर्गत नमामि गंगे की टीम के द्वारा युवाओं ने जगह-जगह नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सर्वप्रथम युवाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षा जल संरक्षण के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जिसमें युवाओं ने वर्षा के जल को संरक्षण करने के उपाय एवं प्रतिदिन होने वाले जल के उपयोग को कम करने के लिए लोगों को जागरूक किया। डीएम ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जल ही जीवन है। जल संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। यदि हम जल संरक्षण पर ध्यान नहीं देगें तो भविष्य में हमें इसके गंभीर परिणाम देखने को मिलेंगे। अपर जिलाधिकारी सुभाष प्रजापति ने भी सभी को जागरूक किया। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल ने बताया कि भूजल सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 16 जुलाई से 22 जुलाई तक निरंतर जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, रैली, गोष्ठी इत्यादि का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक वर्षा के जल को संरक्षण करने के लिए लोगों तक संदेश पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रियांशी राज, काव्या अग्निहोत्री, सिद्धि, अक्षिता मिश्रा, मुस्कान यादव, छवि, अक्षरा आदि युवा साथी उपस्थित रहे।
