
50 लाख का मुआवजा, शस्त्र लाइसेंस, गांव में शव का अंतिम संस्कार करने की रखी मांग
डीएम ने पूरा कराने का दिया आश्वासन, गांव में कई थाने की फोर्स पीएसी तैनात
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मांगों को लेकर मृतक बृजन्दन व चंदन के परिजनों ने जिलाधिकारी व एसपी के आवास पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन किसी तरह पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार दोहरे हत्याकाण्ड में चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है व लापरवाही के आरोप में सरह चौकी इंचार्ज व सिपाही को निलंबित किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम को लगाया गया है, लेकिन पीडि़त परिवार अब भी आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाने व मुआवजे के तौर पर ५० लाख रुपया व परिवार के सदस्यों को शस्त्र लाइसेंस देने व शव का गांव में ही दाह संस्कार करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी व एसपी के आवास पर जमकर हंगामा किया। मामले को गंभीरता को देखते हुए डीएम संजय कुमार सिंह ने शस्त्र लाइसेंस देने व गांव में शव का अंतिम संस्कार करने की हामी भरते हुए ५० लाख रुपये शासन को लिखकर भेजने की बात कही, तब जाकर परिजन माने।
कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र सरह 23 जुलाई को दबंगों ने चौकी के निकट बृजनंदन शुक्ला व उसके बेटे चंदन शुक्ला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर कर घायल दिया था। घटना के बाद बृजनन्दन की मौत हो गई थी। घटना के बाद पांच दिन बाद घायल चंदन ने लखनऊ में दम तोड़ दिया। पीडि़त परिवार मुख्यमंत्री से भी जनता दर्शन में फरियाद कर चुका है, लेकिन पुलिस के रिकार्ड अनुसार देखा जाये तो पीडि़त परिवार का भी अपराध की दुनिया से गहरा नाता है। लगभग मृतक पिता-पुत्र व उनके परिवार के कई सदस्यों पर अपराधिक मामले दर्ज है। सूत्रों की माने तो मृतक बृजनन्दन लाल पर भी एक दर्जन से ऊपर मामले दर्ज थे। एक मामले में उसे सजा भी पड़ गयी थी और वह जमानत पर बाहर था। मृतक चंदन पर भी कई मुकदमे दर्ज थे। वादी त्रिपुरारी सहित परिवार कई सदस्यों पर भी मामले दर्ज है। शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए गांव के पीएसी व कई थाने की पुलिस तैनात कर दी गई है।
