एसडीएम की निगरानी में खान कालोनी की करायी गई पैमाइश

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सरकारी भूमि पर अवैध रुप से कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लेने की शिकायत के मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम सदर की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश करायी गई। इस दौरान सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से जिन्होंने कब्जा कर रखा है वह अपने स्तर से हटा लें, नहीं तो प्रशासन अपने स्तर से हटवायेगा तो हर्जा-खर्चा भी देना पड़ेगा।
फतेहगढ़ के सिविल लाइन मडैय़ा निवासी सुधीर दिवाकर ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कुछ माह पूर्व की थी। जिसमें दर्शाया था कि सिविल लाइन मडैय़ा स्थित खालिद उर्फ रज्जू ने जालसाजी कर सरकारी भूमि की बिक्री कर खान कालोनी के नाम से विकसित कर दी। जिस भूमि पर लोगों ने मकान बनाये है वह नगर पालिका की भूमि है। डीएम के आदेश पर इससे पूर्व दो बार पैमाइश हुई, लेकिन नगर पालिका कर्मी खानापूर्ति करके चले आये। शिकायतकर्ता ने फिर निष्पक्ष जांच कराकर कार्यवाही की मांग की। जिस पर शनिवार को एसडीएम सदर संजय कुमार की अगुवाई में सदर तहसीलदार श्रद्धा पाण्डेय, नायब तहसीलदार हर्षित सिंह, सीओ सिटी प्रदीप कुमार फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी सचिन सिंह, हल्का इंचार्ज उदय सिंह मौजूद रहे। राजस्व कर्मी व नगर पालिका कर्मचारियों ने चिन्हांकन भूमि की पैमाइश की। कई घंटे चली पैमाइश के बाद अवैध रुप से भूमि पर काबिज लोगों को चेतावनी दी कि समय रहते वह स्वयं हटा लें। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। नगर पालिका से हटवाने पर हर्जा-खर्चा कब्जेदार से वसूला जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *