फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें उद्योग व्यापार मंडल के कई पदाधिकारियों ने भाग लेकर डीएम के सामने स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं रखीं। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा बॉबी ने रेलवे रोड की नालियों का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। सह महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने मांग की कि फर्रुखाबाद में कृषि उत्पादन मंडी समिति द्वारा लाइसेंस बनवाने के आवेदन के साथ-साथ व्यापारियों से हैसियत प्रमाण पत्र मांगा जाता है जो जरूरी नहीं है। जिलाधिकारी इस ओर ध्यान दें। मंडल के चेयरमैन सर्वेश अग्रवाल ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा डॉक्टर मुकुंद अग्रवाल को दिए गए एक विज्ञापन साइन बोर्ड के शुल्क वसूली संबंधित नोटिस के संबंध में मांग की। इसकी भी जांच पड़ताल कराई जाए, क्योंकि यह नोटिस सही नहीं है। व्यापार मंडल के जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि बाद वाली दोनों मांगों के संबंध में संबंधित प्रमोद गुप्ता तथा डॉक्टर मुकुंद अग्रवाल द्वारा संबंधित विभाग को भी उन लोगों की समस्याओं से अवगत करा दिया गया है। बैठक में उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा बॉबी, सह जिला महामंत्री प्रमोद गुप्ता, चेयरमैन सर्वेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष सुभाष बंसल, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, उद्योग मंच जिला अध्यक्ष पंकज गुप्ता, तहसील अध्यक्ष राजू गौतम आदि लोगों ने भाग लिया।
