
पुलिस तथा फॉरेंसिस टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। ढाईघाट शमशाबाद जाने वाले मार्ग पर स्थित बूढ़ी गंगा की पुलिया जहां शुक्रवार को कुछ लोगों ने पानी में जब एक नवजात शिशु (बच्ची) को बहते हुए देखा, तो लोगों के पैरो तले जमीन खिसक गई। लोग रुक गये और घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शमशाबाद थाना पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए नवजात शिशु (बच्ची) के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिया के नीचे पानी में बह रहे नवजात शिशु (बच्ची) के शव को देख लोग उस कलयुगी मां को कोस रहे थे जिसने अवैध तरीके से नवजात शिशु (बच्ची) को जन्म दिया तथा सामाजिक बदनामी से बचने के लिए देर सबेर पुलिया के नीचे पानी में बहाकर चलती बनी। इसे सामाजिक विडंबना कहा जाए तो ज्यादा बेहतर होगा, क्योंकि ऐसे तमाम लोग हैं जो शादी से पहले प्रेम प्रसंग में अवैध संबंधों को बढ़ावा देते हैं और जब इस तरह की स्थिति आती है तो कुंवारी मां सामाजिक बदनामी से बचने के लिए इस तरह का कदम उठाती है और अवैध रूप से जन्मा शिशु दुनिया में आने से पहले ही भगवान को प्यारा हो गया। फिलहाल शमशाबाद थाना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
