
कंपिल, समृद्धि न्यूज। दिल्ली की एक गोदाम से चुराई गई 54 बोरी दाल को पुलिस ने बरामद कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी के खिलाफ दिल्ली के थाना अलीपुर में भी अभियोग पंजीकृत है।
कंपिल थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर पट्टी सपाह के एक गोदाम में चोरी कर लाई गई दाल की बोरियां रखी होने की जानकारी पर छापा मारा। वहां पर 50 बोरी मूंग व 4 बोरी मसूर की दाल बरामद की। इसके साथ ही मौके से गांव महमूदपुर पट्टी सपाह निवासी दुर्वेश (42) पुत्र जयवीर सिंह व शीलेश (22) पुत्र नरेंद्र सिंह, जनपद एटा के थाना राजा के रामपुर के गांव बिलसड़ निवासी खुशीराम (55) पुत्र प्रताप सिंह और जनपद एटा के ही थाना रिजौर के गांव घुमरिया निवासी शिवम (22) पुत्र मुकेश कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ हिरासत में लिए गए अभियुक्तगणों ने बताया कि उन्होंने आउटर नार्थ दिल्ली के थाना अलीपुर के गोदाम से दाल की बोरियां चुराई थी। चुराई गई मूंग व मसूर की दाल की सभी बोरियां हम लोगों ने गांव सपाह स्थित गोदाम में छिपाई थी और ग्राहक ढूंढ कर औनेपौने दामों में बेच रहे थे। इस संबंध में दिल्ली के थाना अलीपुर से सूचना प्राप्त की गई, तो पता लगा कि वहां 2 अक्टूबर को इन सभी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस दौरान कंपिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार, उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक रवि सोलंकी, कां0 धर्मेंद्र, सुमित कुमार, दिव्यांशु, अजय तेवतिया आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस बाबत क्षेत्राधिकारी सोहराब आलम ने बताया हिरासत में लिए गए चारों अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
