विद्या समीक्षा केंद्र से होगी निगरानी शिकायत की जांच करेंगे सुंयक्त शिक्षा निदेशक
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मध्यमिक स्कूल के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उत्पीडऩ से बचाने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आजाद ने विद्या समीक्षा केंद्र व्यवस्था लागू की है। जिसके अंतर्गत शिक्षकों एवं कर्मचारियों से समय-समय पर फीडबैक लिया जायेगा। उनसे पूछा जायेगा कि अवकाश देने सहित अन्य लाभ पाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का कोई अधिकारी या बाबू उनसे सुविधा शुल्क (रिश्वत) तो नहीं मांग रहा है। जानकारी के मुताबिक शिकायत करने वाले शिक्षक, कर्मचारियों का नाम भी गोपनीय रखा जायेगा। शिकायत की जांच मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक करेंगे। यदि आरोप सही पाये गये, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के अनुसार परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर अब माध्यमिक विद्यालयों में भी शिक्षकों व कर्मचारियों को भी परेशानियों से बचाने के लिए विद्या समीक्षा केंद्र व्यवस्था लागू की गयी है। जिसके माध्यम से फीडबैक लिया जायेगा। इस नई व्यवस्था के तहत जिले में कम से कम ५० प्रतिशत कर्मचारियों व शिक्षकों को सीधे कॉल कर या इंटरएक्टिव वायस रिस्पांस सिस्टम के माध्यम से फीडबैक लिया जायेगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी शिक्षक या कर्मचारी ने मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश के लिए आवेदन किया है, तो क्या उससे छुट्टी स्वीकृत करने के एवज में धन की मांग की जा रही है। ——————————-
