रामनगरी के 15 वार्डों को सुसज्जित करेंगी हेरिटेज लाइट व डेकोरेटिव पोल।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या।रामनगरी के 15 वार्डों में शुक्रवार को हेरिटेज लाइट तथा डेकोरेटिव पोल के अधिष्ठापन की 7186.64 लाख रुपए की लागत की परियोजना का शुभारम्भ किया गया।यह शुभारंभ सांसद लल्लू सिंह व महापौर गिरीश पति त्रिपाठी द्वारा नयाघाट स्थित तुलसी उद्यान पार्क से किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या धाम के 15 वार्डों में हेरिटेज लाइट एवं डेकोरेटिव पोल के अधिष्ठापन हेतु प्रेषित प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान की गयी है,जिससे सम्पूर्ण अयोध्या धाम क्षेत्र में 3652 हेरिटेज लाइट एवं डेकोरेटिव पोल की स्थापना की जायेगी।इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि अयोध्या को त्रेतायुगीन नगरी के रूप में भव्यता प्रदान किये जाने हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निरन्तर नवीन परियोजनाओं का क्रियान्वयन कराया जा रहा है।अयोध्या विश्व की सबसे सुन्दर नगरी के रूप में विकसित हो,हम सभी का यही प्रयास है।इस अभिनव प्रयासो के लिए मुख्यमंत्री का कोटि-कोटि धन्यवाद है।महापौर श्री त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या विश्व की सर्वोत्तम नगरी के रूप में प्रतिष्ठित हो,इस हेतु हम सभी पूर्णरूपेण प्रतिबद्ध है।अयोध्या पूर्णरूपेण प्रकाशमान हो और इन हेरिटेज लाइट एवं डेकोरेटिव पोल में पौराणिकता एवं अध्यात्म की झलक प्रदर्षित हो,इसका भी प्रयास किया गया है।श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के अवसर पर अयोध्या भव्य रूप में प्रदर्षित होगी।नगर आयुक्त विशाल सिंह ने कहा कि अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए निगम की अन्य परियोजनाएं भी यथाशीघ्र धरातल पर मूर्तरूप लेगी और इसके लिए निगम कृत संकल्पित है।इस परियोजना में सहयोग के लिए संतों और पार्षदों से भी अनुरोध किया गया है तथा संस्था के प्रतिनिधियों को अधिष्ठापन हेतु समन्वय बनाये जाने हेतु कहा गया है।इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय,अरूण कुमार गुप्त, वागीश कुमार शुक्ला,सहायक नगर आयुक्त श्रीमती अंकिता शुक्ला सहित कई पार्षद,संत महन्त,निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *