नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। शराबी युवक से सेल्समैन ने क्वार्टर के बदले मोबाइल ले लिया। जब पत्नी मोबाइल मांगने गयी, तो उसे कमरे में बंद कर लिया। पीडि़ता ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजारामपुर के मजरा नगला चंदेल निवासी शिवानी पत्नी कन्हैयालाल ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया मंगलवार सुबह उनके पति कन्हैयालाल गांव राजा रामपुर मेई के शराब ठेके पर शराब का क्वार्टर लेने गये थे। वहीं शराब सेल्समैन ने क्वार्टर के बदले उनका मोबाइल ले लिया। क्वार्टर के बदले मोबाइल लेने की बात पति ने घर पर बताई, तो पीडि़ता शराब ठेके पर सेल्समैन से अपने पति का मोबाइल मांगने गई, तो आरोपी सेल्समैन ने पीडि़ता के मुताबिक उसको अंदर कमरे में बंद कर लिया और उसके साथ छेडख़ानी करने लगे। जब वह चीखने चिल्लाने लगी, तो आरोपी ने उसको छोड़ दिया। तब पीडि़ता थाने आई और थाना पुलिस को आपबीती बतायी। घटना के बारे में नामजद आरोपी सेल्समैन सुरजीत व संतोष कुमार पुत्र नामालूम निवासीगण राजा रामपुरमेई के विरोध थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने पीडि़ता को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
