डीएम व एसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी लोगों की समस्याएं

करीब एक सैकड़ा प्रार्थना पत्रों में मात्र 11 का ही हो सका निस्तारणअमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी संजय सिंह व पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, जिला चिकित्सा अधिकारी अवनींद्र कुमार ने लोगों की समस्याओं को सुना। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 108 शिकायत आयीं, जिसमें राजस्व की 47, पुलिस विभाग की 18, विकास से संबंधित ०८, विद्युत की ०३, कृषि विभाग की ०२ व अन्य 30 प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को लोगों ने सौंपे। जिनमें से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। राजस्व से संबंधित सर्वाधिक शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द इन सभी का निस्तारण कराया जाए। कस्बा अमृतपुर निवासी पूर्व प्रधानाध्यापक रामसेवक अवस्थी ने रिटायर होने के बाद अब तक पेंशन ने मिलने के सम्बन्ध में डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। नन्हें सिंह ने अवैध कब्जा, रजनीश निवासी पिथनापुर ने स्टांप चोरी, बृजेंद्र सिंह निवासी जोगराजपुर पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जा, रामसागर निवासी कुडऱी सारंगपुर ने दबंग पड़ोसियों द्वारा मारपीट करने के संबंध में, मनोज कुमार महमदगंज ने पट्टे की जमीन की पैमाइश के संबंध में, मुनेंद्र कुमार निवासी कमालुद्दीनपुर ने अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराए जाने की मांग की। अरुण कुमार निवासी नगला हूसा ने चकमार्ग पर मिट्टी डलवाने, अवधेश सिंह निवासी भुवनपुर चकमार्ग से अवैध कब्जा हटवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं प्रभाकर त्रिवेदी एडवोकेट निवासी कुम्हरौर ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि कुम्हरौर की गाटा संख्या 2141 जो कि तालाब में दर्ज है। जिस पर गांव के दबंग लोगों ने अवैध कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया है। जिससे ग्रामीणों के घरों का बरसात का पानी तालाब में ना जाकर सडक़ों पर बहता है। जिससे जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह, तहसीलदार कर्मवीर सिंह, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, एडीओ समाज कल्याण विशाल कुमार, थाना अध्यक्ष अमृतपुर मीनेश पचौरी, थाना अध्यक्ष राजपुर दिवाकर सरोज, राजस्व निरीक्षक अजय कुमार शुक्ला के अलावा राजस्व एवं अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।