छठ पूजा को लेकर एडीजी जोन ने जारी किए निर्देश,पुलिस अलर्ट।

समृद्धि न्यूज़ लखनऊ।रविवार से शुरू हुई छठ पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ में है।इस पर्व की शुरुआत से पहले ही इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं और अब इन पर अमल कर सतर्क दृष्टि भी रखी जा रही है।रविवार को जोन से संबंधित जिलों में यह दुरुस्त व्यवस्थाएं और कड़ी सतर्कता देखने को भी मिलीं।जानकारी के मुताबिक कि अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया के निर्देशन पर लखनऊ जोन के सभी जिलों में कुल 232 स्‍थानों पर मनाये जा रहे छठ पूजा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु व्यापक व्‍यवस्‍थायें की गई है।
इसके अंतर्गत स्थानीय नगर पालिका/नगर पंचायत से सम्पर्क कर घाटों पर बैरीकेडिंग कराए जाने के साथ ही शौचालयों की व्यवस्था कराई गई है।पूजा स्थल और आसपास बालिकाओं एवं महिलाओं के साथ छेडखानी आदि की घटनायें न हो,इसके लिए पर्याप्‍त संख्‍या में सादी वर्दी में पुरूष एवं महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां घाटों पर लगाई गई है।इसके अलावा
गोताखोरों/नाविकों को भी तैयार रखा गया है जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही नावों में सेफ्टी जैकेट पर्याप्त संख्या में रखवायी गई है।यह सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं कि घाटों पर यदि कहीं फिसलन हो तो वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बालू आदि डलवा दी जाए जिससे फिसलन न हो।कार्यक्रम के दृष्टिगत पी.आर.वी का पुर्नव्यस्थापन कर पी.आर.वी वाहनों को घाटों से सौ मीटर की दूरी पर खड़ा किया गया है जिससे जनता को पुलिस की उपस्थिति का एहसास हो सके।आतिशबाजी को सुरक्षित स्‍थानों पर कराने हेतु आयोजकों से वार्ता कर सुनिश्चित किया गया है कि छठ पूजा में किसी भी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न न हो,तथा साथ ही पर्याप्‍त संख्‍या में अग्निशमन की व्यवस्था करायी गई है।कार्यक्रम स्थलों/घाटों पर सी.सी.टी.वी की व्‍यवस्‍था करायी गयी है।जहां स्थायी रूप से सी.सी.टी.वी नहीं है वहाँ अस्‍थाई रूप से सी.सी.टी.वी की व्यवस्था करा दी गई है जिससे सभी स्‍थानों की पर्याप्‍त निगरानी बनी रहे।
इसके साथ ही त्यौहार में बाजारों एवं घाटों में होने वाली भीड़ के दृष्टिगत अलग से ट्रैफिक प्लान बनाया गया है।रेलवे/बस स्टेशनों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्‍यवस्‍था की गई है और रेलवे के अधिकारियों से लगातार संवाद बनाये रखा गया है जिससे आकस्मिकता पर उनकी सहायता ली जा सके।डयूटी में लगे समस्त पुलिस बल को भीड नियंत्रण हेतु पी.ए. सिस्टम की व्‍यवस्‍था करायी गई है।पी.ए.सिस्टम से लगातार पुलिस के बन्दोबस्त का एनाउन्समेंट की जायेगी,चूकिं रविवार को क्रिकेट के विश्व कप फाइनल मैच होने के कारण भी सुरक्षा हेतु अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।डयूटी पर लगे कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि ड्यूटियों की अदला बदली करने के दौरान पहली पाली के जवान तब तक ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेंग जब तक कि दूसरी पाली के जवान निर्धारित प्वाइंट पर कार्यभार ग्रहण न कर लें।डयूटी में लगे पुलिस कर्मियों को भीड़ नियंत्रण के उपकरण बाडी वार्न कैमरे,ड्रोन कैमरों,ड्रैगन लाइट, टार्च,रस्सा आदि से लेस किया गया है।सोशल मीडिया पर चौबीस घण्टे सतर्क दृष्टि रखी जा रही है तथा धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले किसी भी पोस्ट का तत्काल खंडन कर वास्तविक तथ्य प्रदर्शित किए जा रहा है।ऐसे तत्वों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *