
कंपिल, समृद्धि न्यूज। नगर में गायत्री परिवार की ओर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं सहित क्षेत्र भर से आए श्रद्धालु शामिल रहे। कलश यात्रा के साथ ही 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की शुरूआत हो गई।कस्बे के श्वेतांबर जैन मंदिर परिसर में चार दिवसीय 108 कुण्डीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की शुरूआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा महायज्ञ स्थल से शुरू होकर नगर भ्रमण के बाद यज्ञ स्थल पर ही संपन्न हुई। महायज्ञ परिसर में शांतिकुंज हरिद्वार से आई महिलाओं की टोली ने संगीत के साथ विधान से देव मंच पूजन कराया। भव्य कलश यात्रा में पीत वस्त्रधारी महिलाओं ने कलश अपने सिर पर धारण किए और हम सुधरेंगे जग सुधरेगा व जैसी करनी वैसा फल के गायत्री संदेशों को पूरे शहर में फैलाया। कलश यात्रा से पूरा कस्बा पीले रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक रैलियां निकाली गई। इस दौरान कायमगंज चेयरमैन डॉ0 शरद गंगवार, पुखराज डागा आदि कस्बे के संभ्रांत लोग व गायत्री परिवार से जुड़े सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
